Advertisement Carousel

नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक प्रहार: डीआरजी की बड़ी कार्रवाई, सीएम साय ने दिया बड़ा बयान ?


रायपुर, 21 मई। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में चलाए गए एक बड़े एंटी-नक्सल ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने 27 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। इस कार्रवाई को छत्तीसगढ़ पुलिस की डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) यूनिट ने विषम और दुर्गम जंगलों में अंजाम दिया। मारे गए उग्रवादियों में वामपंथी संगठन का कुख्यात नेता नंबाला केशव राव भी शामिल है, जिसकी पुष्टि अधिकारियों ने की है। इस सफलता को नक्सल नेटवर्क की रीढ़ पर करारा प्रहार माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अभियान में शामिल जवानों की वीरता को सलाम करते हुए इसे केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में निर्णायक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह द्वारा मार्च 2026 तक नक्सलवाद उन्मूलन के लिए जो समय-सीमा तय की गई है, उसकी दिशा में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन के दौरान एक जवान के वीरगति को प्राप्त होने तथा कुछ जवानों के घायल होने की पुष्टि करते हुए गहरा दुःख जताया। उन्होंने शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की और घायल जवानों के समुचित उपचार के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा: “यह केवल ऑपरेशन नहीं, बल्कि देश और प्रदेश की स्थायी शांति की ओर एक निर्णायक कदम है। छत्तीसगढ़ की जनता अपने वीर जवानों की शहादत को कभी नहीं भूलेगी।”

यह अभियान छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ जारी जंग के उस मोड़ को दर्शाता है, जहाँ विजय अब दृष्टिगत होती जा रही है। सुरक्षा बलों का यह साहस और बलिदान प्रदेश को एक शांत और सुरक्षित भविष्य की ओर ले जा रहा है।


error: Content is protected !!