रायपुर, 3 जून 2025 — रायपुर में आबकारी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश से तस्करी कर लाई गई अवैध शराब के जखीरे के साथ एक प्रॉपर्टी डीलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अनिल जैन के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी डीलिंग की आड़ में अवैध शराब के धंधे से भी जुड़ा हुआ पाया गया।
मुखबिर की सूचना पर आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने रामसागर पारा स्थित रामजी हलवाई मार्ग के पास आदेश्वर कॉम्प्लेक्स के पीछे आयल मिल रोड में एक व्यावसायिक परिसर में छापेमारी की। वहां अनिल जैन के कब्जे वाले किराए के कमरे से कुल 79 बोतल अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी मात्रा 59.25 बल्क लीटर और बाज़ार मूल्य लगभग ₹75,060 है।
जब्त की गई शराब में शामिल ब्रांड:
- 21 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड अल्ट्रा व्हिस्की
- 27 बोतल रॉयल चैलेंज व्हिस्की
- 22 बोतल रॉयल स्टैग व्हिस्की
- 09 बोतल मैकडॉवेल नंबर वन व्हिस्की
आरोपी के कमरे से शराब की खाली पेटियां, दर्जनों खाली बोतलें और एक ट्रैवल बैग भी बरामद किया गया है। विभाग ने आशंका जताई है कि इस अवैध कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। जांच के लिए आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है तथा उसके नौकरों से पूछताछ की जा रही है।
इस मामले में आरोपी अनिल जैन के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36, 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर आबकारी उपनिरीक्षक विक्रम ठाकुर द्वारा विवेचना प्रारंभ की गई है।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी टेक बहादुर कुर्रे, आबकारी उपनिरीक्षक आशीष सिंह, कौशल सोनी, नीलम स्वर्णकार, और प्रकाश देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
