Advertisement Carousel

नन्हे शावक की जान बची, सूंड उठाकर जताया आभार



चारमार गांव में कुएं में गिरा था हाथी का शावक, वन विभाग ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

रायगढ़, संवाददाता।
घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चारमार गांव में बुधवार सुबह एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई। गांव के एक पुराने कुएं में एक हाथी का नन्हा शावक गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

लगभग तीन घंटे चले इस रेस्क्यू अभियान में जेसीबी मशीन की सहायता से कुएं के किनारे रास्ता बनाया गया। सतर्कता के साथ चलाए गए इस अभियान के बाद शावक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने इस दृश्य को देखकर राहत की सांस ली।

सबसे खास बात यह रही कि रेस्क्यू के बाद शावक ने अपनी सूंड हिलाकर जेसीबी ऑपरेटर की ओर देखा, मानो अपनी भाषा में ‘धन्यवाद’ कह रहा हो। यह दृश्य कैमरे में कैद हो गया और कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन को देखने के लिए चारमार और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने इस दृश्य को उत्सुकता से देखा और हाथी शावक की सलामती पर खुशी जाहिर की।

वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि शावक स्वस्थ है और अब उसे जल्द ही उसके दल से मिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। यह शावक बीती रात जंगल से भटकते हुए गांव की सीमा में आ गया था और अंधेरे में कुएं में गिर गया।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि इस तरह की कोई घटना हो तो तुरंत सूचना दें और जानवरों को परेशान न करें।



error: Content is protected !!