“पर्यावरण संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी” – केदार कश्यप
बेमेतरा, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को स्वामी विवेकानंद स्टेडियम परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने रुद्राक्ष का पौधा लगाकर की, वहीं खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने चंदन का पौधा रोपित किया। इस दौरान पीपल वृक्ष की पूजा कर पारंपरिक प्रकृति पूजन की परंपरा को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू, अपर मुख्य सचिव वन ऋचा शर्मा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वी. श्रीनिवास राव सहित अनेक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। कुल मिलाकर लगभग 200 पौधे लगाए गए, जिनमें छायादार और औषधीय पौधे शामिल रहे।
इसके बाद टाउनहॉल में आयोजित ‘जल-वन-जन : एक प्राकृतिक बंधन’ कार्यक्रम में अतिथियों ने मां सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने जिले में चल रहे जल और पर्यावरण संरक्षण अभियानों की जानकारी दी।
वन मंत्री ने कहा,
“पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी है। पेड़ लगाना पहला कदम है, असली जिम्मेदारी उसकी देखभाल और सुरक्षा की है। हमारी संस्कृति में वृक्षों की सेवा की परंपरा है, जिसे निभाना हमारी जिम्मेदारी है।”
उन्होंने जल संकट की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि अब पानी बिकने लगा है, यह चिंता का विषय है। उन्होंने किसानों से कम पानी वाली फसलों की ओर बढ़ने और आमजन से जल-संरक्षण में भागीदारी की अपील की।
खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा,
“पूरा जिला जल संकट से जूझ रहा है। वृक्षारोपण और जल संरक्षण ही इसका समाधान है। अगर अभी नहीं जागे, तो भविष्य में हालात और खराब होंगे।”
विधायक दीपेश साहू ने पर्यावरण को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की बात कही और लोगों से अधिक पौधे लगाने का आग्रह किया।
विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि वृक्षारोपण सिर्फ प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित वातावरण का संकल्प है।
कार्यक्रम के अंत में फलदार और छायादार पौधों का वितरण किया गया और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू, वनमंडलाधिकारी दुर्ग दीपेश कपिल, एसडीओ एच.वी. दुबे, रेंजर माधुरी तिवारी, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, रजक समाज बोर्ड के अध्यक्ष प्रह्लाद राजकर, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, जनपद अध्यक्ष हेमा दिवाकर, अजय साहू, राजेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान और नागरिक मौजूद रहे।
