Advertisement Carousel

मोदी सरकार के 11 वर्ष ऐतिहासिक : रामसेवक पैकरा, डिजिटल इंडिया ने नए भारत को दी मजबूती : रेणुका सिंह


बैकुण्ठपुर।
संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम के अंतर्गत प्रोफेशनल्स मीट एवं प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन सांस्कृतिक भवन में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर की गई।

मुख्य अतिथि वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश अमृतकाल में प्रवेश कर चुका है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, तकनीक और पर्यावरण जैसे हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हो रही है। पैकरा ने कहा कि मोदी सरकार का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास नहीं, बल्कि एक शक्तिशाली और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है। महिलाओं को उज्जवला, मुद्रा योजना सहित अनेक योजनाओं से सशक्त किया गया है। डिजिटल इंडिया के माध्यम से गांव-गांव तक तकनीक पहुँची है, जिससे नवाचार और युवा उद्यमिता को बढ़ावा मिला है।

विधायक भरतपुर-सोनहत रेणुका सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्षों में भारत ने जिस गति से प्रगति की है, वह अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि रक्षा निर्यात 34 गुना बढ़कर 23,622 करोड़ तक पहुँच चुका है। स्वदेशी हेलीकॉप्टर, प्रचंड मिसाइल सिस्टम, आकाश और ब्रह्मोस जैसी तकनीकों ने भारत की सैन्य ताकत को वैश्विक मंच पर मजबूत किया है। रेणुका सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने पीओके में आतंकवादी अड्डों और पाकिस्तानी एयरबेस को ध्वस्त कर दिया, जो भारतीय सैन्य ताकत और प्रधानमंत्री के साहसिक नेतृत्व का उदाहरण है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि तब भारत लगातार आतंकी हमलों का शिकार होता था और सरकार मूकदर्शक बनी रहती थी।

वक्ता नरेंद्र सोनी ने कहा कि मोदी सरकार का हर निर्णय भारत को एक नई दिशा और नया आत्मविश्वास दे रहा है। “सशक्त भारत-सुरक्षित भारत” केवल नारा नहीं बल्कि आज साकार सच्चाई है।

जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में छत्तीसगढ़ में तीव्र विकास हो रहा है। बस्तर नक्सल मुक्त हो रहा है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने समावेशी विकास की नई गाथा लिखी है। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण और अनुच्छेद 370 को ऐतिहासिक उपलब्धियां बताया।

पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल ने कहा कि मोदी सरकार का प्रत्येक दिन अंत्योदय की भावना को समर्पित रहा है। सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के मंत्र के साथ समाज के सभी वर्ग विकास की राह पर आगे बढ़ रहे हैं।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष शैलेष शिवहरे, राजेश सिंह, जिला महामंत्री पंकज गुप्ता, जिला मंत्री बसंत राय, तीरथ राजवाड़े, वंदना राजवाड़े, नविता शिवहरे, अरुण जायसवाल, गायत्री सिंह, शिवकुमारी सोनपाकर, आशा देवी सोनपाकर, कुंती चक्रधारी, गौरव अग्रवाल सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी व भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


error: Content is protected !!