30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन
रायपुर, 01 जुलाई 2025।
स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा रायपुर में आयोजित 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन आज गरिमामयी माहौल में हुआ। 15 मई से 13 जून तक चले इस शिविर का समापन समारोह 1 जुलाई को नगर पालिका निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती अभिलाषा पैंकरा (अपर कलेक्टर), खेल संघों के प्रतिनिधिगण, सहायक संचालक खेल, व्यायाम शिक्षक, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। खेल अधिकारी प्रवेश जोशी द्वारा शिविर की उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।
सैकड़ों खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह
समापन समारोह में फुटबॉल, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, हॉकी, नेटबॉल, कबड्डी, कराते, टेनिक्वाइट, किक बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, खो-खो, स्क्वैश, जम्परोप, ताईक्वांडो, तीरंदाजी (आर्चरी), कायकिंग-केनाइंग, सॉफ्टबॉल, जिम्नास्टिक, बेसबॉल, कुश्ती, भारोत्तोलन व फेंसिंग जैसे 24 खेलों के लगभग 500 खिलाड़ी उपस्थित थे।
शिविर के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 70 खिलाड़ियों और 55 प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और खेल सामग्री देकर सम्मानित किया गया।
महापौर ने अनुशासन और नियमित अभ्यास पर दिया ज़ोर
मुख्य अतिथि श्रीमती मीनल चौबे ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में खिलाड़ियों को अनुशासन और निरंतर अभ्यास को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “खेल सिर्फ एक प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण का माध्यम है। यदि खिलाड़ी अनुशासित रहें और अपना अभ्यास नियमित रखें, तो उन्हें सफलता से कोई नहीं रोक सकता।”
शिविर में 1427 खिलाड़ियों की भागीदारी
खेल अधिकारी टी. निंगराज रेड्डी ने बताया कि इस 30 दिवसीय शिविर में कुल 1427 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया। इन खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण देने के लिए अनुभवी प्रशिक्षकों की सेवाएं ली गईं।
आभार प्रदर्शन वरिष्ठ प्रशिक्षक टी. निंगराज रेड्डी द्वारा किया गया, जिन्होंने सभी सहभागी संस्थानों, संघों और अधिकारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
