Advertisement Carousel

CG अब सेमीकंडक्टर से सिलिकॉन वैली तक : मुख्यमंत्री साय ने लॉन्च किया सिंगल विंडो सिस्टम 2.0, 1.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव


रायपुर, 1 जुलाई 2025
छत्तीसगढ़ तेजी से भारत के नए ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा है। राज्य को आत्मनिर्भर और औद्योगिक महाशक्ति बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम 2.0’ का शुभारंभ किया। इस आधुनिक प्रणाली से उद्योग स्थापना की तमाम स्वीकृतियाँ अब सिर्फ एक क्लिक में संभव होंगी।

साय ने छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग-2 में कहा कि राज्य अब केवल कोर सेक्टर तक सीमित नहीं है, बल्कि सेमीकंडक्टर, एआई, फार्मा, डिफेंस और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में राष्ट्रीय केंद्र बनने को तैयार है।

20,627 युवाओं को मिलेगा रोजगार, 1.23 लाख करोड़ का निवेश

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 11 प्रमुख कंपनियों को 1.23 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों के लिए इनविटेशन टू इन्वेस्ट पत्र सौंपे। इससे राज्य में 20,627 से अधिक युवाओं को सीधा रोजगार मिलेगा। इनमें सारडा हाइड्रोपावर, जिंदल स्टील एवं पावर, केजेएसएल कोल एंड पावर, और वीटेक प्लास्टिक्स जैसी कंपनियां शामिल हैं।

नवा रायपुर बनेगा ‘सिलिकॉन वैली ऑफ छत्तीसगढ़’

मुख्यमंत्री ने बताया कि पॉलीमैटेक कंपनी को सेमीकंडक्टर निर्माण हेतु मात्र तीन महीने में ज़मीन आवंटन और एनओसी जारी कर दी गई। 1,143 करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट में प्रतिवर्ष 10 अरब चिप्स का उत्पादन होगा।

लॉजिस्टिक पॉलिसी और जन विश्वास विधेयक : उद्योग के लिए नई क्रांति

  • राज्य कैबिनेट ने लॉजिस्टिक पॉलिसी 2025 को मंजूरी दी है, जिससे छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय लॉजिस्टिक हब के रूप में स्थापित होगा।
  • जन विश्वास विधेयक के जरिए व्यावसायिक प्रक्रियाओं को सरल और न्यायिक बोझ को कम किया गया है।
  • ड्राई पोर्ट, इनलैंड कंटेनर डिपो, सस्ती भंडारण सुविधा जैसे बिंदु इस नीति के मुख्य आधार होंगे।

350 से अधिक संरचनात्मक सुधार, 6 महीने में ₹5.5 लाख करोड़ निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले डेढ़ वर्षों में 350 से अधिक संरचनात्मक सुधार किए गए। केवल छह महीने में 5.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जो राज्य के औद्योगिक इतिहास में रिकॉर्ड है। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट में निवेशकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बस्तर और सरगुजा : अब नक्सल नहीं, विकास की पहचान

साय ने कहा कि बस्तर अब विकास की नई गाथा लिख रहा है।

  • 90,000 युवाओं को स्किल ट्रेनिंग, 40,000 को रोजगार
  • बस्तर दशहरा को अंतरराष्ट्रीय मान्यता दिलाने की तैयारी
  • तीरथगढ़ ग्लास ब्रिज और बस्तर टूरिज्म सर्किट पर तेजी से काम

भविष्य की तस्वीर : पांच वर्षों में 5 लाख रोजगार, हर क्षेत्र में छलांग

  • नवा रायपुर में देश का पहला एआई डाटा सेंटर पार्क
  • फार्मा हब, टेक्सटाइल पार्क, मेडिसिटी पर कार्य
  • रेल, जल और एयर कार्गो से मजबूत कनेक्टिविटी
  • 5 लाख से अधिक रोजगार का लक्ष्य

नक्सलवाद का पूर्ण उन्मूलन मार्च 2026 तक

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में मार्च 2026 तक नक्सल समस्या के संपूर्ण समाधान के लिए कटिबद्ध है।


error: Content is protected !!