रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय ने खैरागढ़ स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने की मांग लोकसभा में जोरदार तरीके से उठाई।
सांसद पाण्डेय ने गुरुवार को प्रश्नकाल के दौरान कहा कि 14 अक्टूबर 1956 को स्थापित यह विश्वविद्यालय भारत ही नहीं, बल्कि एशिया का पहला ऐसा संस्थान है जो शास्त्रीय संगीत, नृत्य और लोक कलाओं को समर्पित है। विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यहां कथक, भरतनाट्यम, लोक संगीत सहित अनेक विधाओं की उच्च स्तरीय शिक्षा प्रदान की जाती है, जिनमें विदेशी छात्र-छात्राएँ भी अध्ययनरत हैं।
सांसद पाण्डेय ने कहा कि कला-संस्कृति के संवर्धन में विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए इसे केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा मिलना चाहिए, जिससे यह संस्थान और सुदृढ़ हो सके तथा वैश्विक स्तर पर अपना योगदान और बढ़ा सके।
