Advertisement Carousel

डोडा तस्करी का भंडाफोड़: राजस्थान का अंतरराज्यीय तस्कर रायपुर में गिरफ्तार, 4.5 लाख का माल जब्त


रायपुर, 1 जुलाई 2025
रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए डोडा जैसे प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ, नगदी, वाहन और अन्य सामग्री जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत करीब 4.5 लाख रुपये आँकी गई है।

यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा हीरापुर टाटीबंध स्थित छठ तालाब के पास की गई, जहां आरोपी अपनी कार में डोडा लेकर बिक्री की फिराक में था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान:

  • नाम: ओम प्रकाश शर्मा उर्फ पप्पू
  • उम्र: 53 वर्ष
  • पता: ग्राम रोजा, तहसील अकलेरा, थाना भालता, जिला झालावाड़, राजस्थान

जब्त सामग्री:

  • लगभग 1.252 किलोग्राम डोडा
  • बिक्री की नगद रकम ₹1,90,540
  • कार (RJ 17 CA 8552)
  • एक्टिवा स्कूटर (CG 07 AE 5469)
  • तौल मशीनमोबाइल फोन

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओम प्रकाश राजस्थान से डोडा लाकर रायपुर में कार और स्कूटर के माध्यम से घूम-घूमकर इसकी बिक्री करता था। मौके पर पूछताछ में आरोपी ने किसी भी वैध दस्तावेज को प्रस्तुत करने से इनकार किया और टीम को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

थाना आमानाका में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 216/25 धारा 15 नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश और पूछताछ में जुटी है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, एएसपी डी.आर. पोर्ते, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल और सीएसपी अमन कुमार झा के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।

निरीक्षक सुनील दास, निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक राजेन्द्र कंवर, सउनि फूलचंद भगत, प्र.आर. वीरेन्द्र भार्गव समेत कुल 18 अधिकारियों व कर्मचारियों ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


error: Content is protected !!