Advertisement Carousel

खैरागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : नागपुर में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 20 करोड़ के लेनदेन का खुलासा



— शिवा बुक एप की ब्रांच से साढ़े सात लाख की जब्ती, छह आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार

राजनांदगांव/खैरागढ़।
ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ खैरागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ‘शिवा बुक’ नामक ऑनलाइन सट्टा एप की नागपुर ब्रांच पर छापामार कार्रवाई करते हुए एक फ्लैट से सट्टा रैकेट संचालित कर रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य सरगना सहित कुछ आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

एसपी लक्ष्य शर्मा के निर्देशन में सायबर सेल और छुईखदान थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की। नागपुर के एक फ्लैट में मोबाइल, लैपटॉप और इंटरनेट की मदद से ‘शिवा बुक’ एप के जरिए देश के विभिन्न राज्यों में सट्टा संचालन किया जा रहा था।

पुलिस ने मौके से 50 हजार रुपये नकद, 2.28 लाख बैंक खातों में जमा, 25 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 26 एटीएम कार्ड, 19 बैंक पासबुक, 14 चेकबुक, 8 आधार कार्ड, वाई-फाई राउटर, पासपोर्ट और सट्टा रजिस्टर समेत कुल 7.5 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह विभिन्न बैंक खातों और यूपीआई माध्यम से अब तक 20 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन कर चुका है, जिसे पुलिस ने फ्रीज कर दिया है।

एक ही नेटवर्क से जुड़ा है कई एप्स
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि ‘शिवा बुक’ का नेटवर्क देशभर में पहले से चर्चित ‘महादेव बुक’, ‘अन्ना रेड्डी’, ‘लोटस’ और ‘शिवनाथ’ एप से भी जुड़ा हो सकता है। सभी एप्स का स्रोत एक ही गिरोह या सिंडिकेट से जुड़ा होने की आशंका जताई गई है, जिसकी कड़ियां दुबई तक जाती रही हैं।

एसपी बोले— युवाओं को बचाना है प्राथमिकता
एसपी लक्ष्य शर्मा ने कहा, “ऑनलाइन सट्टा का यह जाल युवाओं को फंसा रहा है। हमारी प्राथमिकता इस गिरोह की जड़ों तक पहुंचकर इसे पूरी तरह खत्म करना है। आगे भी ऐसे रैकेट के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”


error: Content is protected !!