Advertisement Carousel

भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य की गिरफ्तारी, मिली 5 दिन की रिमांड, कांग्रेस का 19 जुलाई को प्रदेशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की ईडी द्वारा गिरफ्तारी ने प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है। आबकारी घोटाले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें पांच दिन की रिमांड पर भेज दिया गया।

ईडी के अनुसार, यह गिरफ्तारी सहेली ज्वेलर्स के संचालक लक्ष्मीनारायण उर्फ पप्पू बंसल के बयान के आधार पर की गई है। बंसल ने अपने बयान में दावा किया है कि आबकारी घोटाले में 100 करोड़ रुपये के लेन-देन में चैतन्य बघेल की भूमिका रही है। ईडी ने कोर्ट को बताया कि इस मामले में और भी कई कड़ियों को जोड़ने के लिए चैतन्य से विस्तृत पूछताछ जरूरी है।

गिरफ्तारी के बाद रायपुर स्थित ईडी दफ्तर और कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन सतर्क है।

इस बीच कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया है और विरोध का बिगुल फूंक दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने घोषणा की है कि 19 जुलाई को प्रदेशभर के सभी जिला मुख्यालयों में ईडी और केंद्र सरकार के खिलाफ पुतला दहन किया जाएगा। पार्टी ने सभी सांसदों, विधायकों, पार्षदों और पदाधिकारियों को इस प्रदर्शन में भाग लेने के निर्देश दिए हैं।

कांग्रेस का कहना है कि भाजपा सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर राजनीतिक विरोधियों को परेशान कर रही है। वहीं भाजपा नेताओं ने ईडी की कार्रवाई को कानूनी प्रक्रिया बताया है और कहा है कि जांच में जो भी दोषी होगा, उसे जवाब देना होगा।

छत्तीसगढ़ की राजनीति में यह मामला अब पूरी तरह गरमा चुका है। आने वाले दिनों में इस पर और घमासान तय माना जा रहा है।

error: Content is protected !!