हाथियों ने मचाया तांडव, 3 ग्रामीणों की दर्दनाक मौत


रायगढ़, 23 जुलाई 2025।
धरमजयगढ़ वनमंडल अंतर्गत लैलूंगा वन परिक्षेत्र के गांवों में बीती रात हाथियों के झुंड ने जबरदस्त उत्पात मचाया। गोसाईडीह, मोहनपुर और आसपास के गांवों में एक मादा हाथी और उसके साढ़े ने तांडव मचाते हुए तीन लोगों की जान ले ली।

जानकारी के मुताबिक, गोसाईडीह गांव में एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची को हाथी ने पटक कर मार डाला, वहीं मोहनपुर में एक महिला को खेत में पटक कर जान ले ली गई। तीसरी घटना में एक व्यक्ति जो अपने घर में सो रहा था, उस पर हाथियों ने मकान गिरा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथियों ने पहले कई घरों को तोड़ा। डर के कारण ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकले, लेकिन इसी दौरान हाथियों ने हमला कर दिया और निर्दोष ग्रामीणों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

इलाके में दहशत का माहौल है।
लोगों में गुस्सा और भय दोनों है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है। राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है।

धरमजयगढ़ क्षेत्र पहले भी हाथियों के उत्पात को लेकर संवेदनशील रहा है, लेकिन इस बार की घटना ने प्रशासनिक तैयारियों की पोल खोल दी है।

ग्रामीणों ने जल्द से जल्द प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।


error: Content is protected !!