नई दिल्ली/रायपुर।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और भविष्य की प्राथमिकताओं से प्रधानमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को 1 नवंबर 2025 को रायपुर में आयोजित होने जा रहे ‘अमृत रजत महोत्सव’ में आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में तीन करोड़ जनता की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करेगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति इस ऐतिहासिक अवसर को नई ऊंचाई देगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री को छत्तीसगढ़ के विकास के लिए तैयार ‘अंजोर विज़न @2047’, जन विश्वास विधेयक 2025, और नवा रायपुर में प्रस्तावित SCRDA, मेडिसिटी, और एडु-सिटी जैसी योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी दी। साथ ही उन्होंने नक्सल प्रभावित और आदिवासी अंचलों में चल रहे सकारात्मक बदलावों और विकास कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की।
श्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को नई ऊर्जा और नई गति देने में जुटी है। राज्य के समग्र और समावेशी विकास के लिए केंद्र सरकार के सहयोग को उन्होंने निर्णायक बताया।
मुख्यमंत्री की इस मुलाकात को छत्तीसगढ़ के आगामी विकास एजेंडे के लिए अहम माना जा रहा है।
