Advertisement Carousel

कुम्हारी टोल को लेकर गरमाई सियासत, विकास उपाध्याय ने भाजपा पर बोला हमला


गडकरी का पत्र हास्यास्पद, 2026 तक इंतजार अन्यायपूर्ण – कांग्रेस नेता का आरोप

रायपुर। राजधानी से लगे कुम्हारी टोल प्लाजा को लेकर प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा जनता को गुमराह कर रही है और अब पार्टी का नाम “भारतीय झूठा पार्टी” रखा जाना चाहिए।

उपाध्याय ने गडकरी के उस पत्र पर आपत्ति जताई है, जिसमें उन्होंने सांसद बृजमोहन अग्रवाल को यह जानकारी दी है कि कुम्हारी टोल प्लाजा को फिलहाल बंद नहीं किया जाएगा और दुर्ग-रायपुर-आरंग बाईपास के जून 2026 तक तैयार होने के बाद ही इस पर विचार होगा।

“60 किलोमीटर में दो टोल नहीं” का खुद किया था दावा – उपाध्याय

पूर्व विधायक ने कहा कि नितिन गडकरी खुद संसद में कह चुके हैं कि 60 किलोमीटर के दायरे में दो टोल प्लाजा नहीं होंगे। इसके बावजूद कुम्हारी टोल को चालू रखने की बात जनता के साथ धोखा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुम्हारी टोल प्लाजा की अधिकृत वसूली अवधि 2 मार्च 2015 को समाप्त हो चुकी थी, जिसे बढ़ाकर 16 अगस्त 2020 तक किया गया था। इसके बावजूद अब तक यहां अवैध वसूली की जा रही है, जो नियमों का उल्लंघन है।

बृजमोहन पर भी साधा निशाना

विकास उपाध्याय ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल पर भी हमला बोला और कहा कि “आप झूठी वाहवाही लेना बंद करें। यह टोल प्लाजा जनता के खिलाफ एक अवैध वसूली केंद्र बन चुका है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मामले में लंबे समय से चरणबद्ध आंदोलन कर रही है। एनएचएआई के दफ्तर में अधिकारियों से चर्चा, रिजनल हेड से मुलाकात, 10 भाजपा सांसदों को पत्र और हस्ताक्षर अभियान सहित कई प्रयास किए गए हैं।

कांग्रेस करेगी बड़ा आंदोलन

कांग्रेस नेता ने ऐलान किया कि अब इस अन्याय के खिलाफ बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा और जनता को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष तेज किया जाएगा।



error: Content is protected !!