दुर्ग/रायपुर। गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित दूसरी राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता का आयोजन दुर्ग में 16 और 17 अगस्त को हुआ। इसमें 14 जिलों से आए करीब 300 खिलाड़ियों ने सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में रायपुर ने सबसे अधिक मेडल जीतकर पहला स्थान हासिल किया।
विजयी खिलाड़ी दल ने रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष सिमरन सिंह और सचिव ख्वाजा अहमद भी मौजूद रहे।
श्री छाबड़ा ने विजयी प्रतिभागियों का सम्मान करते हुए कहा कि रायपुर के खिलाड़ियों ने पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। आने वाले राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी सर्वाधिक मेडल जीतकर राज्य का नाम रौशन करेंगे।
प्रतियोगिता में रायपुर टीम ने कुल 10 स्वर्ण, 5 रजत और 2 कांस्य सहित कुल 17 पदक जीते।
अंडर-17 वर्ग में पुरुष फरी सोटी में शरनजोत सिंह, महिला एकल व एकल डेमो में रिया कौर, एकल सोटी में साहेबवीर सिंह और ग्रुप फरी सोटी में सतनाम सिंह, सेहज सिंह, शरताज सिंह ने स्वर्ण पदक जीते।
रजत पदक हरसिमर कौर छाबड़ा (फरी सोटी एकल), हंसिका कौर (एकल सोटी) और ग्रुप पुरुष सोटी वर्ग (साहेबवीर सिंह, अंशविर सिंह, प्रभजोत सिंह) ने जीते।
अंडर-19 वर्ग में हरिओम सिंह ने एकल सोटी में स्वर्ण और राजकुमारी कौर ने एकल फरी सोटी में कांस्य जीता।
अंडर-25 वर्ग में विवेक भगत (एकल डेमो), कृष्णा सिंह (एकल फरी सोटी) और राम सिंह (एकल सोटी) ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि राजवीर सिंह छाबड़ा ने कांस्य पदक हासिल किया।
इस उपलब्धि पर पूरे प्रदेश में खिलाड़ियों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल है।
