
रायपुर, 3 सितम्बर।
राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की। रायपुर, दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर में करीब 18 ठिकानों पर यह कार्रवाई एक साथ की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह दबिश जिले खनिज न्यास निधि (DMF फंड) घोटाले से जुड़ी जांच के तहत की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक रायपुर के शंकर नगर स्थित कारोबारी विनय गर्ग के घर पर सुबह से ही ईडी की टीम ने दबिश दी। इसी तरह लॉ विष्टा सोसाइटी में एग्रीकल्चर उपकरण कारोबारी पवन पोद्दार के बंगले पर भी ईडी की कार्रवाई जारी है। इन दोनों कारोबारियों के अलावा कृषि और संबंधित क्षेत्रों से जुड़े अन्य कारोबारियों के ठिकानों पर भी रेड डाली गई है।
छापेमारी में ईडी के 8 से 10 अधिकारियों के साथ सीआरपीएफ के सशस्त्र बल के जवान मौजूद रहे। राजधानी रायपुर में अकेले 8 से 10 स्थानों पर कार्रवाई जारी है, वहीं दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर में भी अधिकारियों ने एक साथ दबिश दी है।
हालांकि, ईडी की आधिकारिक पुष्टि अभी तक सामने नहीं आई है कि किन ठिकानों से क्या दस्तावेज या सबूत मिले हैं। लेकिन यह माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में डीएमएफ फंड घोटाले की जांच को लेकर यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।
