Advertisement Carousel

रायपुर में होगा श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी शताब्दी यात्रा का भव्य स्वागत, मंत्री – मुख्यमंत्री करेंगे स्वागत


रायपुर।
सिख धर्म के नवें गुरु, श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी शताब्दी पर निकली ऐतिहासिक यात्रा का रायपुर में भव्य स्वागत किया जाएगा। यात्रा असम के धुबरी साहिब से प्रारंभ होकर सरायपाली–बसना होते हुए शुक्रवार को राजधानी पहुंचेगी।


रायपुर के प्रवेश द्वार छेरी खेड़ी में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायकगण और सिख समाज के प्रमुखजन स्वागत करेंगे। छेरी खेड़ी में होटल पंजाब बिस्ट्रो के पास भव्य स्वागत द्वार और दो विशाल मंच तैयार किए जा रहे हैं। मुख्य मंच पर प्रदेश के जनप्रतिनिधि और दूसरे मंच पर गुरुद्वारा प्रबंधक समिति व सिख समाज के प्रमुखजन मौजूद रहेंगे।
राजधानी में यात्रा के स्वागत को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। रायपुर के सभी 18 गुरुद्वारा समितियों के प्रमुखजन यात्रा की अगवानी करेंगे। पूरे मार्ग पर 20 से अधिक स्थानों पर LED स्क्रीन लगाई जा रही हैं, जिनमें गुरु तेग बहादुर जी का इतिहास दिखाया जाएगा। साथ ही पूरे मार्ग पर साउंड सिस्टम से गुरुबाणी कीर्तन की वाणी गुंजायमान रहेगी।


यात्रा नगर कीर्तन के रूप में वीआईपी चौक राम मंदिर से आरंभ होगी और खालसाई शान के साथ शहरभर में निकलेगी। यात्रा में दो बड़े ट्राले, 20 वाहन और लगभग 200 सेवकों का जत्था शामिल रहेगा। विशेष पारदर्शी बस में ऐतिहासिक शस्त्रों का प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिन्हें सिख योद्धाओं ने मुगलों के विरुद्ध युद्ध में प्रयोग किया था।
स्वागत हेतु शहर के 30 से अधिक स्थानों पर मंच बनाए गए हैं, जहां पुष्पवर्षा और अभिनंदन होगा। समाज, व्यापारिक संगठन और राजनीतिक दल भी यात्रा का स्वागत करेंगे। यात्रा का मार्ग तेलीबांधा मरीन ड्राइव, शंकर नगर, घड़ी चौक, शास्त्री चौक, जय स्तंभ चौक, फूल चौक, आमापारा, साइंस कॉलेज होते हुए टाटीबंध गुरुद्वारा तक रहेगा। यहां रात्रि विश्राम के बाद 21 सितंबर की सुबह यात्रा दुर्ग–डोंगरगढ़ मार्ग से गोंदिया (महाराष्ट्र) के लिए रवाना होगी।


इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियों में राज्य अल्पसंख्यक आयोग और सिख समाज के प्रमुखजन कई माह से जुटे हैं। आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, समाजसेवी बलदेव सिंह भाटिया, जगजीत सिंह सहित अन्य लोग लगातार समन्वय कर रहे हैं।

error: Content is protected !!