कोरिया। कोरिया वन मंडल के बैकुंठपुर परिक्षेत्र में वन रक्षक मनोज एक्का की तत्परता से वन्यजीव शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। टेमरी बीट में श्याही (पोरक्यूपाइन) का अवैध शिकार कर मांस पकाने की तैयारी की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना मिलते ही परिक्षेत्राधिकारी ने तुरंत टीम गठित कर मौके की घेराबंदी करवाई।
दबिश के दौरान वन विभाग की टीम ने तीन आरोपियों को मौके से रंगे हाथ पकड़ा। आरोपियों के पास से शिकार की गई श्याही और उसका मांस बरामद हुआ। मौके पर ही मांस व अन्य सामग्री जब्त कर आरोपियों को हिरासत में लिया गया। वन विभाग की टीम ने पंचनामा और आवश्यक कानूनी कार्यवाही पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया में प्रस्तुत किया।
आज बैकुंठपुर न्यायालय में तीनों आरोपियों को पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए। विभाग का कहना है कि वन क्षेत्र में अवैध शिकार और वन्यजीवों की हत्या करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी परिस्थिति में ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
