रायपुर। ट्रांसपोर्ट नगर रावांभाठा क्षेत्र में टायर दुकान संचालक के साथ मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने के मामले में रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 19 दिसंबर 2025 की रात करीब 8.45 बजे की है। पीड़ित मोहम्मद रहमत अंसारी, जो ट्रांसपोर्ट नगर के पार्किंग नंबर-4 में टायर दुकान का संचालन करते हैं, अपने बड़े भाई मोहम्मद रुस्तम अंसारी के साथ दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान एक ट्रक चालक टायर बदलवाने दुकान पर पहुंचा।
टायर फिटिंग के दौरान कुछ युवक मौके पर पहुंचे और बेवजह ट्रक चालक से गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। ट्रक चालक जान बचाकर दुकान की ओर भागा, जहां रहमत अंसारी और उनके भाई ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इससे आक्रोशित आरोपियों ने दोनों भाइयों के साथ हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।
इसी दौरान एक आरोपी ने अपने पास रखे नुकीले धारदार हथियार से रहमत अंसारी की पीठ पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के समय आरोपी नारेबाजी करते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट थाना खमतराई में दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की। आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी जयप्रकाश साहू सहित कुल सात आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने सामूहिक रूप से मारपीट और हथियार से हमला करना स्वीकार किया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार को भी जप्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2), 118(1), 191(1), 191(3) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत अपराध दर्ज कर सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
