Advertisement Carousel

रायपुर में पहली बार होगा ‘कैरा वैन फेस्ट’, छत्तीसगढ़ पर्यटन को मिलेगा नया अनुभव


रायपुर, 20 दिसंबर 2025।
छत्तीसगढ़ पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में राजधानी रायपुर में पहली बार “कैरा वैन फेस्ट” का आयोजन किया जा रहा है। यह अनूठा फेस्ट 22 दिसंबर 2025 को अरन्यम्म रिसॉर्ट, माना बस्ती (माना–तूता रोड) में आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रायोजन और ओवरलैंडर एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सहयोग से किया जा रहा है। इस फेस्ट की थीम रखी गई है — “अ शॉर्ट जर्नी इन टू द हार्ट ऑफ छत्तीसगढ़”।


एडवेंचर, नेचर और संस्कृति का अनोखा संगम
शाम 4 बजे से 8 बजे तक चलने वाले इस विशेष आयोजन में एडवेंचर, प्रकृति और स्थानीय संस्कृति का बेहतरीन मेल देखने को मिलेगा। कैरा वैन फेस्ट का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को कैरावैन टूरिज्म, कैंपिंग और अनुभवात्मक यात्रा के नए हब के रूप में स्थापित करना है।


नाइट कैंपिंग से लेकर स्टारगेजिंग तक
कार्यक्रम में नाइट कैंपिंग, स्टारगेजिंग, बॉलीवुड म्यूजिक और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन प्रमुख आकर्षण होंगे। यह आयोजन पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, हालांकि इसमें शामिल होने के लिए पूर्व पंजीकरण अनिवार्य किया गया है।


विशेष रूप से तैयार कैरावैन बनेगी आकर्षण का केंद्र
कैरावैन एक ऐसा विशेष वाहन होता है, जिसे लंबी यात्राओं और कैंपिंग के लिए डिज़ाइन किया जाता है। इसमें रहने, खाना पकाने और यात्रा की बुनियादी सुविधाएं मौजूद रहती हैं। फेस्ट में विशेष रूप से तैयार की गई कैरावैन को प्रदर्शित किया जाएगा, जो बिना होटल पर निर्भर हुए यात्रा करने की नई अवधारणा को दर्शाएगी।


पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
कैरावैन टूरिज्म से छत्तीसगढ़ के जंगलों, झरनों और दूरस्थ पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। इससे युवा घुमक्कड़ों और ओवरलैंडिंग कम्युनिटी को आकर्षित करने के साथ-साथ पर्यटन आय बढ़ेगी। भविष्य में कैरावैन रूट्स विकसित होने से स्थानीय रोजगार, इको-टूरिज्म और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।


युवाओं और ट्रैवल लवर्स के लिए खास
यह फेस्ट खासतौर पर युवाओं, ट्रैवल एंथूजियास्ट्स, एडवेंचर लवर्स और ट्रैवल ब्लॉगर्स के लिए डिज़ाइन किया गया है, ताकि वे छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, शांति और सांस्कृतिक विविधता को एक नए अनुभव के साथ महसूस कर सकें।


आयोजन से जुड़ी अन्य जानकारी
कार्यक्रम का आयोजन एनएम इवेंट्स द्वारा किया जा रहा है। अरन्यम्म रिसॉर्ट इस आयोजन का हॉस्पिटैलिटी पार्टनर है, जबकि इवेंट एंड एंटरटेनमेंट मैनेजमेंट एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ इसका समर्थन कर रही है।


अधिक जानकारी एवं पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर 88275-36363 पर संपर्क किया जा सकता है।

error: Content is protected !!