32 पत्रकार संगठनों के अध्यक्ष व कई पत्रकार सम्मानित
रायपुर, 3 मई 2025।
विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित डायोसिस हॉल में शनिवार को “सपोर्ट जर्नलिज्म” मुहिम की औपचारिक शुरुआत की गई। इस मौके पर प्रदेश भर से आए पत्रकारों व पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों को “बेहतर पत्रकारिता की उम्मीद सम्मान” से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार आसिफ इक़बाल व विशिष्ट अतिथि साहित्यकार डॉ. परदेसीराम वर्मा रहे। दोनों अतिथियों ने प्रदेश में कार्यरत 32 पत्रकार संगठनों के अध्यक्षों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार पी.सी. रथ ने किया, जिन्होंने प्रेस की आज़ादी पर चिंता जताते हुए बताया कि भारत प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में 151वें स्थान पर है, जबकि नॉर्वे पहले स्थान पर है।
सुधीर आज़ाद तम्बोली, सपोर्ट जर्नलिज्म अभियान के संयोजक ने बताया कि यह पहल www.supportjournalism.in पोर्टल के माध्यम से पत्रकारों को सहयोग व समर्थन देने, और निर्भीक व निष्पक्ष पत्रकारिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में पत्रकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। इनमें शामिल रहे:
आलोक शुक्ला (पहल), उचित शर्मा (टीआरपी), देवेंद्र गुप्ता (मोर छत्तीसगढ़), राहुल गोस्वामी (स्वतंत्र बोल), उचित शर्मा (महासमुंद डायरी), सत्येंद्र सिंह राजपूत (फोर्थ आई), दिनेश कुमार सोनी (हाइवे क्राइम्स), सैयद सलमा वैदिक, सागर फरिकार (नवभारत छायाकार) आदि।
साहित्यकार डॉ. परदेसीराम वर्मा ने अपने वक्तव्य में समाचार पत्रों और साहित्य के रिश्ते पर प्रकाश डाला तथा वरिष्ठ पत्रकार रम्मू श्रीवास्तव और राजनारायण मिश्र जैसे नामों का उल्लेख करते हुए अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के समापन पर आलोक शुक्ला ने डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव साझा करते हुए ऐसे आयोजनों को समय की आवश्यकता बताया।
तेज बारिश और मौसम में अचानक बदलाव के बावजूद बड़ी संख्या में पत्रकारों की उपस्थिति ने आयोजन को सफल बनाया।
कार्यक्रम में शिव दत्ता, पुष्पेंद्र सिंह, शुभम वर्मा, अब्दुल शमीम, प्रतीक बेहरा, संस्कार तम्बोली, नितिन लॉरेन्स, यासीन खान, अनुपम वर्मा सहित कई लोगों का विशेष सहयोग रहा।
