Advertisement Carousel

सीएम साय ने की घोषणा – शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़ाकर किया 58 प्रतिशत

कर्मचारियों की मेहनत, निष्ठा और अनुशासन से ही धरातल पर साकार होती हैं शासन की नीतियां : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय


राजधानी रायपुर के रोहिणीपुरम स्थित सरस्वती शिक्षा संस्थान परिसर में आयोजित राज्य कर्मचारी संघ, छत्तीसगढ़ के त्रैवार्षिक अष्टम प्रदेश अधिवेशन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिरकत कर कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने प्रदेश के शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फैसला बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों को वास्तविक राहत देगा और सरकार की कर्मचारी हितैषी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं को धरातल पर लागू करने में कर्मचारी रीढ़ की हड्डी की तरह महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी निष्ठा, ईमानदारी और कर्मठता के कारण ही प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं—स्थानांतरण नीति, पदोन्नति प्रक्रिया और कार्यस्थल संबंधी सुधार कर प्रशासन को अधिक पारदर्शी और सुचारु बनाया गया है।


उन्होंने कहा कि पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य सेवानिवृत्ति लाभों के समयबद्ध भुगतान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। छत्तीसगढ़ पेंशन फंड और पेंशन फंड विधेयक के माध्यम से एक मजबूत व्यवस्था स्थापित की गई है। वहीं ई-ऑफिस, ऑनलाइन सेवाओं और तकनीकी नवाचारों के जरिए कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाई गई है।
नक्सलवाद पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों के साहस और प्रभावी रणनीति के चलते बस्तर में शांति व्यवस्था स्थापित हो रही है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के लिए मानवीय पुनर्वास नीति लागू की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प के अनुरूप 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के समूल उन्मूलन का लक्ष्य तय किया गया है।


उन्होंने बताया कि ‘नियद नेल्ला नार’ योजना के तहत सुदूर वनांचल तक सड़क, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। इसके साथ ही राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047’ तैयार कर विकास के नए आयाम तय किए हैं।


कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव कुमार सोनी, महामंत्री राजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष अरुण तिवारी, प्रदेश महामंत्री अश्वनी चेलक सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!