बलौदाबाजार–भाटापारा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम निपानिया स्थित रियल इस्पात स्पंज आयरन फैक्ट्री में आज सुबह स्पंज आयरन प्लांट में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया।
ब्लास्ट इतना भीषण था कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और फैक्ट्री परिसर धुएं और आग की चपेट में आ गया।
इस हादसे में 10 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जबकि 6 मजदूरों की मौत की पुष्टि होने की बात सामने आ रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल 5 मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है, वहीं अन्य घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। फैक्ट्री परिसर को घेराबंदी कर सील कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा है कि ब्लास्ट के कारणों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। मजदूरों की जान की कीमत पर हो रहे लापरवाही भरे संचालन को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
