Advertisement Carousel

विधायक राजेश मूणत का रौद्र रूप: कर्बला तालाब सौंदर्यीकरण में लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार


“जनता का पैसा बर्बाद नहीं होने दूंगा” — अव्यवस्थित निर्माण देख भड़के मूणत, दोषी अधिकारियों को हटाने के निर्देश


रायपुर | 15 जनवरी 2026
रायपुर पश्चिम के विधायक श्री राजेश मूणत ने आज नगर निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे और आयुक्त श्री विश्वदीप के साथ कर्बला तालाब में चल रहे ₹2.44 करोड़ के सौंदर्यीकरण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की गुणवत्ता में गंभीर कमी और तकनीकी खामियां सामने आने पर विधायक मूणत भड़क उठे। उन्होंने मौके पर मौजूद जोन आयुक्त, कार्यपालन अभियंता और अन्य तकनीकी अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ी फटकार लगाई।


बिना योजना के कार्य पर कड़ा ऐतराज़
विधायक मूणत ने स्थल पर पाया कि बिना किसी ठोस प्लान, ले-आउट और आवश्यकता के निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा,
“विकास कार्यों के लिए लाई गई शासन की राशि अधिकारियों की अदूरदर्शिता और लापरवाही के कारण व्यर्थ की जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
तकनीकी अधिकारियों से तीखे सवाल
बच्चों के खेलने के लिए चिन्हित ‘किड्स जोन’ की जगह को अनुपयुक्त पाते हुए उन्होंने कार्यपालन अभियंता और सहायक अभियंता से सवाल किया—
“आप अभी नापकर बताइए कि इतनी कम जगह में फिसल पट्टी और खेल सामग्री कैसे लगेगी?”
इस पर तकनीकी अधिकारी निरुत्तर नजर आए।
इसके साथ ही बिना नींव के खड़ी की जा रही ‘सेफ्टी वॉल’ पर उन्होंने कहा—
“बिना आधार के दीवार आखिर टिकेगी कैसे?”
निर्माणाधीन दीवार के टूटने और सुरक्षा व्यवस्था के अभाव पर भी उन्होंने कड़ी नाराज़गी जताई।
अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
तालाब परिसर में मंदिर के समीप निजी बाउंड्री वॉल और अवैध निर्माण पर विधायक मूणत ने तत्काल सीमांकन के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तालाब की भूमि पर हुए अवैध कब्जे को हर हाल में हटाया जाए। जिन मामलों में न्यायालय का स्थगन आदेश है, वहां तथ्य प्रस्तुत कर शीघ्र स्टे वेकेट कराने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए।


दोषी अधिकारियों को हटाने के आदेश
निरीक्षण के अंत में कार्यों में घोर लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये को देखते हुए विधायक राजेश मूणत ने आयुक्त को संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से हटाने और उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए।


विधायक राजेश मूणत का बयान:
“विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। अधिकारी एयर-कंडीशन्ड कमरों में बैठकर योजनाएं न बनाएं, जमीन पर उतरकर काम करें। कर्बला तालाब का कार्य बिना विजन के किया जा रहा है, जो सरकारी खजाने की बर्बादी है। जनता की पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा और दोषी अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।”


महापौर श्रीमती मीनल चौबे का बयान:
“शहर के सौंदर्यीकरण के लिए आवंटित राशि का सही उपयोग होना आवश्यक है। निरीक्षण में जो खामियां पाई गई हैं, वे गंभीर हैं। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी तकनीकी मापदंड पूरे होने के बाद ही कार्य आगे बढ़ाएं। अतिक्रमण और लापरवाही पर नगर निगम सख्त रुख अपनाएगा।”

error: Content is protected !!