रायपुर, 28 जनवरी 2026।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर से वर्चुअल माध्यम से प्रदेशभर में 255 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित पुलिस आवासीय भवनों, थाना भवनों और 8 नए साइबर थानों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलने से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सकारात्मक वातावरण में कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी और कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर थाना, एसडीओपी कार्यालय, चौकी भवन, ट्रांजिट हॉस्टल एवं आवासीय भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाए गए हैं। गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए उन्होंने संबंधित एजेंसियों की सराहना की और कहा कि सरकार का सतत प्रयास है कि पुलिस कर्मियों को बेहतर आवास एवं कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रदेश में 8 नए साइबर थानों की शुरुआत की गई है। ये साइबर थाने जशपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव सहित विभिन्न जिलों में स्थापित किए गए हैं। इससे पूर्व प्रदेश के 5 जिलों में साइबर थाने संचालित थे। आवश्यकता अनुसार आगे भी विस्तार किया जाएगा।
इसके साथ ही चार जिलों में भारत वाहिनी कैंपस, नौ जिलों में नए थाना भवन, माना में सेंट्रल आर्म्ड फोर्स की चौकी तथा बड़ी संख्या में आवासीय भवनों का भी लोकार्पण किया गया। गृहमंत्री ने इन निर्माण कार्यों की स्वीकृति एवं क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकास शील, अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, डीजीपी अरुण देव गौतम सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वन मंत्री केदार कश्यप, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन एवं विभिन्न विधायक व जनप्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
इन जिलों में हुए प्रमुख लोकार्पण कार्य:
बालोद, महासमुंद, धमतरी, रायपुर, बस्तर, बीजापुर, सुकमा, कांकेर, नारायणपुर, दुर्ग, बेमेतरा, राजनांदगांव, सूरजपुर, कोरिया एवं बलरामपुर जिलों में थाना भवन, चौकी भवन, ट्रांजिट हॉस्टल, एसडीओपी कार्यालय, भारत वाहिनी परिसर एवं आवासीय भवनों का लोकार्पण किया गया।
