रायपुर। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने जयस्तंभ चौक स्थित आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने ई-चालान बनाने की प्रक्रिया को समझते हुए निर्देश दिए कि कमिश्नरेट क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कैमरों के माध्यम से ही शत प्रतिशत ई-चालान बनाए जाएं।
उन्होंने कहा कि ई-चालान बनने पर वाहन मालिकों को मोबाइल पर एसएमएस और व्हाट्सएप के जरिए सूचना दी जाए। यदि निर्धारित 90 दिनों में जुर्माना राशि का भुगतान नहीं किया जाता है, तो नोटिस जारी कर प्रकरण न्यायालय भेजा जाएगा।
परिवहन विभाग से समन्वय कर ऐसे वाहनों के लाइसेंस नवीनीकरण, परमिट, फिटनेस, नामांतरण, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र से संबंधित सेवाएं रोकी जाएंगी। जुर्माना भुगतान के बाद ही ये सेवाएं पुनः बहाल की जाएंगी। इससे ई-चालान भुगतान की दर बढ़ेगी और यातायात अनुशासन मजबूत होगा।
कमिश्नर ने मौके पर मैनुअल चालान काटने की प्रक्रिया को न्यूनतम करने और उपलब्ध ई-चालान डिवाइस के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उल्लंघन करने वाले वाहनों की फोटो लेकर आईटीएमएस सिस्टम में भेजी जाए, जिससे कार्यवाही में पारदर्शिता बनी रहे और विवादों से बचा जा सके।
गंभीर उल्लंघनों जैसे नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ मौके पर एल्कोमीटर से जांच कर चालान तैयार कर न्यायालय भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही, एल एंड टी कंपनी के मैनेजर दीपक मालवीय को खराब सिग्नल और कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराने के आदेश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान गुरजीत सिंह, सतीश ठाकुर, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात, एल एंड टी कंपनी के मैनेजर दीपक मालवीय, यातायात थाना मुख्यालय प्रभारी सउनि. टी.के. लाल भोई सहित आईटीएमएस स्टाफ उपस्थित रहा।
