गरियाबंद/राजिम।
राजिम से लगे दुधकैयां गांव में दो संप्रदायों के बीच आज हिंसक झड़प की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, एक संप्रदाय से जुड़े आपराधिक तत्वों ने पहले दूसरे संप्रदाय के लोगों के साथ जमकर मारपीट की।
मारपीट की खबर फैलते ही दूसरे गुट के लोग उग्र हो गए और कथित हमलावरों के घरों पर हमला कर दिया। इस दौरान कई घरों में आगजनी की गई और 3 से 4 वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। हालात तेजी से बिगड़ते चले गए और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के दौरान पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसमें कुछ पुलिस जवान घायल हुए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर आईजी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। अग्निशमन दल और एम्बुलेंस सेवाएं भी मौके पर पहुंचीं। गांव में फिलहाल कर्फ्यू जैसे हालात बने हुए हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजिम, फिंगेश्वर सहित आसपास के कई पुलिस थानों से अतिरिक्त बल बुलाया गया है। पुलिस प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
