मनेन्द्रगढ़। सोशल मीडिया के माध्यम से अधिवक्ताओं के विरुद्ध अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी प्रसारित किये जाने के मामले को लेकर जिला अधिवक्ता संघ मनेन्द्रगढ़ ने सिटी कोतवाली प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर कार्यवाही की मांग की है।
ज्ञापन में जिला अधिवक्ता संघ ने बताया कि रघुनाथ पोद्दार उर्फ कल्लू, निवासी विवेकानंद चौक मनेन्द्रगढ़ एवं “शराफत की दस्तक” नामक चैनल के संचालक शराफत अली द्वारा सोशल मीडिया पर प्रसारित एक साक्षात्कार में अधिवक्ताओं के विरुद्ध अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया है जिससे अधिवक्ता समुदाय की छवि को ठेस पहुंची है।

संघ के अनुसार दिनांक 25 जनवरी 2026 को निजी चैनल से एक इंटरव्यू सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था जिसमें रघुनाथ पोद्दार द्वारा यह आरोप लगाया गया कि राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी अधिवक्ताओं के साथ मिलकर तथाकथित प्रोपेगेंडा कर रहे हैं।
उक्त इंटरव्यू को शराफत अली ने अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से सार्वजनिक रूप से प्रसारित किया जिससे यह वीडियो बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचा। अधिवक्ता संघ का कहना है कि उक्त फेसबुक अकाउंट से लगभग 13 मिनट का वीडियो प्रसारित किया गया जिसे बड़ी संख्या में लोगों ने देखा और साझा किया। इससे समाज में अधिवक्ताओं के प्रति नकारात्मक संदेश गया और उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को क्षति पहुंची है।
दिनांक 4 फरवरी 2026 को मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला अधिवक्ता संघ की आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यह वीडियो जानबूझकर अधिवक्ता समुदाय की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से प्रसारित किया गया है। बैठक में दोनों आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही किये जाने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपते हुए अधिवक्ता संघ ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां ना केवल आपत्तिजनक हैं बल्कि समाज में असम्मान और भ्रम की स्थिति भी उत्पन्न करती हैं। संघ ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही किये जाने का आग्रह किया है।
