बीजापुर। जिले में नक्सलियों की एक बड़ी खूनी साजिश को सुरक्षाबलों ने समय रहते नाकाम कर दिया। स्टेट हाइवे-63 पर पक्की सड़क के नीचे करीब 30 किलो वजनी शक्तिशाली आईईडी प्लांट किया गया था, जिसे सीआरपीएफ जवानों ने सूझबूझ और सतर्कता से बरामद कर सुरक्षित तरीके से ब्लास्ट कर नष्ट कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, नियमित सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन के दौरान जवानों को सड़क पर संदिग्ध संकेत मिले। खतरे को भांपते हुए तत्काल बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। जांच में सामने आया कि पक्की सड़क को काटकर उसके नीचे भारी मात्रा में विस्फोटक छिपाया गया था। यदि यह विस्फोट होता तो बड़ा जान-माल का नुकसान संभव था।
बताया जा रहा है कि लंबे समय बाद किसी मुख्य मार्ग को इस तरह निशाना बनाया गया है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि डीआरजी, सीआरपीएफ कोबरा और एसटीएफ की लगातार आक्रामक कार्रवाई से बौखलाए नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से यह आईईडी प्लांट किया था।
सुरक्षाबलों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है।
बीजापुर में एक बार फिर साफ हो गया कि जवानों की मुस्तैदी ही नक्सलियों की साजिशों पर सबसे बड़ा वार है।
