Advertisement Carousel

टी-20 वर्ल्ड कप की आड़ में ऑनलाइन सट्टा, तिल्दा नेवरा से हरियाणा का बुकी गिरफ्तार, 18 लाख नगद बरामद


रायपुर। टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान ऑनलाइन सट्टे का बड़ा खेल तिल्दा नेवरा क्षेत्र में पकड़ा गया है। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कोहका स्थित एक मकान में दबिश देकर हरियाणा के एक कथित बुकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 18 लाख रुपये नगद जप्त किया गया है।


पुलिस के अनुसार 14 अप्रैल 2026 को सूचना मिली थी कि कोहका स्थित एलआईजी मकान में बैठकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रशांत शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी एवं थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित कर रेड कार्रवाई की गई।


दबिश के दौरान मौके पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम जितेंद्र बिरला उर्फ बबलू उर्फ बिल्ला (43 वर्ष) बताया। वह मूल रूप से माजरा, थाना अर्बन, जिला रोहतक (हरियाणा) का निवासी है और वर्तमान में कोहका में किराए के मकान में रह रहा था।


मोबाइल में खुला सट्टे का राज
पुलिस जांच में आरोपी के मोबाइल फोन में 777 ग्रैंड एक्सचेंज और JMD बेट आईडी के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेलना और खिलाना पाया गया। मौके से नगद 1,80,000 रुपये, तीन मोबाइल फोन (करीब 75 हजार रुपये कीमत), 20 बैंक पासबुक, 10 चेकबुक, 14 एटीएम कार्ड, आधार-पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, सट्टा हिसाब-किताब की कॉपियां, कैलकुलेटर और अन्य दस्तावेज जप्त किए गए।


कई खातों की जांच शुरू
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 65/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7, 8 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।


जप्त बैंक खातों और लेन-देन की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां संभव हैं।


ग्रामीण क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टे के इस खुलासे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर किराए के मकानों में बैठकर इस तरह का अवैध कारोबार किसकी निगरानी में फल-फूल रहा था। पुलिस का दावा है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!