उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, रिंग रोड-1 पर चलेगा विशेष अभियान
रायपुर, 16 फरवरी 2026।
शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस और नगर निगम प्रशासन ने संयुक्त रूप से दो माह की विशेष कार्ययोजना लागू करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित बैठक में डॉ. संजीव शुक्ला और विश्वदीप सहित तीनों जोन के पुलिस उपायुक्त एवं ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर यातायात दबाव कम करना तथा नागरिकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
प्रमुख निर्णय
शहर के सभी प्रमुख मार्गों को चरणबद्ध तरीके से ठेला-खोमचा एवं अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा।
सभी प्रमुख तिराहा-चौराहों से चारों दिशाओं में 50-50 मीटर तक नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन लागू रहेगा।
रिंग रोड नम्बर-01 में टाटीबंध चौक से जोरा ब्रिज तक सर्विस रोड पर खड़े वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रमुख सड़कों पर रोड मार्किंग और जेब्रा क्रॉसिंग चिन्हित की जाएगी।
ऑटोमैटिक सिग्नल युक्त चौराहों पर कांक्रीट ब्लॉक लगाकर लेफ्ट टर्न फ्री किया जाएगा।
बाजार क्षेत्रों में ठेला-खोमचा मुक्त व्यवस्था लागू कर नवीन वेंडर जोन निर्धारित किए जाएंगे।
अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर संयुक्त कार्रवाई
पुलिस कमिश्नर डॉ. शुक्ला ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रमुख मार्गों को नो-वेंडर और पार्किंग फ्री जोन घोषित कर सख्ती से पालन कराया जाए। 50-50 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार की वाहन पार्किंग अथवा अस्थायी व्यवसायिक गतिविधि पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद पुनः कब्जा न हो, इसके लिए पुलिस पेट्रोलिंग की विशेष जिम्मेदारी तय की गई है। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि नगर निगम, रायपुर पुलिस को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
रिंग रोड-1 पर रहेगा विशेष फोकस
शहर से गुजरने वाले रिंग रोड नम्बर-01 पर नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाया जाएगा। संयुक्त टीम चालानी कार्रवाई के साथ आवश्यकतानुसार क्रेन टोइंग की कार्रवाई भी करेगी।
प्रशासन का दावा है कि इस दो माह की विशेष कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन से शहर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
