बड़े काकलेर, पुलगुंडम, पालनार और पेद्दाकोरमा में संयुक्त अभियान, IED भी बरामद
बीजापुर। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर 12 माओवादी स्मारकों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान जंगलों में छिपाकर रखे गए विस्फोटक भी बरामद हुए, जिन्हें मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, केरिपु डी/214 पील्लूर की टीम ने बड़े काकलेर और पुलगुंडम क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान 07 नक्सली स्मारकों को गिराया गया। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को 02 आईईडी भी मिले। बीडीडी (बम निरोधक दस्ता) की टीम ने सतर्कता बरतते हुए दोनों विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
जंगल में तलाशी के दौरान कॉर्डेक्स वायर से भरे बीयर बोतल आईईडी भी बरामद हुए, जिससे स्पष्ट है कि माओवादी बड़ी वारदात की फिराक में थे।
वहीं, थाना गंगालूर क्षेत्र में केरिपु 85वीं वाहिनी ने 12 फीट ऊंचा माओवादी स्मारक ध्वस्त किया। इसके अलावा ग्राम पालनार और पेद्दाकोरमा के जंगलों में भी 05 अन्य नक्सली स्मारकों को तोड़ा गया।
सुरक्षा बलों का कहना है कि क्षेत्र में माओवादी प्रतीकों और हिंसा के चिन्हों को समाप्त करने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। लगातार की जा रही कार्रवाइयों से नक्सलियों के नेटवर्क और मनोबल पर असर पड़ रहा है।
क्षेत्र में सर्चिंग अभियान जारी है।
