रायपुर, 17 फरवरी 2026।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में रेल विकास को गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बृजमोहन अग्रवाल, सांसद रायपुर ने की, जबकि इसमें रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, रायपुर में आयोजित इस बैठक में रायपुर, कांकेर, बस्तर, महासमुंद सहित अन्य संसदीय क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों और सांसद प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक का माहौल सौहार्दपूर्ण और सहयोगात्मक रहा, जहां जनहित से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई।
ट्रेनों के ठहराव और नई सेवाओं पर जोर
बैठक में रायपुर मंडल में ट्रेनों के ठहराव, नई रेल सेवाओं की मांग, चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और छत्तीसगढ़ को मिली नई ट्रेनों पर विस्तृत मंथन हुआ।
रेलवे अधिकारियों ने यात्री सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण, गाड़ियों की क्षमता वृद्धि और टिकटिंग प्रणाली को अधिक सरल व डिजिटल बनाने के प्रयासों की जानकारी दी। ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन सहित अन्य आधुनिक सुविधाओं पर भी प्रस्तुतीकरण दिया गया।
जन आकांक्षाओं को प्राथमिकता
सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं को प्रमुखता से उठाया। विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव और नई रेल सेवाओं की आवश्यकता पर ठोस सुझाव दिए गए।
रेल प्रशासन ने इन मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए नियमों के अनुरूप प्राथमिकता से कार्यवाही का आश्वासन दिया।
‘वन स्टेशन वन प्रोडक्ट’ को मिला सम्मान
बैठक के बाद रायपुर स्टेशन पर संचालित “वन स्टेशन वन प्रोडक्ट” (OSOP) स्टॉल की संचालिकाओं और स्क्रैप आर्टिस्ट को सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों—ठेठरी, खुरमी, अड़सा, मुरकू, चकली, अचार, पापड़-बड़ी—को बढ़ावा देने वाली महिलाओं को विशेष सराहना मिली।
इसके साथ ही स्क्रैप से बनाई गई दुर्गा माता, विश्वकर्मा भगवान, बुद्ध भगवान, ‘मेक इन इंडिया’ शेर और गणपति की आकर्षक कलाकृतियों के लिए कलाकार को सम्मानित किया गया।
बैठक के समापन पर रेलवे अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों के सुझावों के लिए आभार जताया और रेल विकास को जनभावनाओं के अनुरूप आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
