बिलासपुर। शहर और आसपास के इलाकों में सराफा कारोबारियों को निशाना बनाने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सीपत क्षेत्र का है, जहां रमेश ज्वेलर्स में करीब 25 लाख रुपये की बड़ी लूट की वारदात सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, दुकान बंद कर शटर गिराने के दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने व्यापारी पर झपट्टा मारकर तीन झोले छीन लिए और कुछ ही सेकंड में मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि झोलों में करीब 60 ग्राम सोना और लगभग 8 किलो चांदी रखी हुई थी।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सीपत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपियों की तलाश में नाकाबंदी कर दी गई है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
गौरतलब है कि बीते मंगलवार को भी सरकण्डा इलाके में एक बड़ी लूट की वारदात हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं से सराफा व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
