रायपुर, 21 फरवरी 2026।
राजधानी में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुजगहन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 21.206 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 60 हजार 300 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया धमतरी रोड स्थित धनेली ओवरब्रिज के नीचे दो व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर डीसीपी वेस्ट जोन के निर्देशन में थाना मुजगहन पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम गणेश भाउराव जाधव (45 वर्ष) निवासी जिला यवतमाल, महाराष्ट्र तथा नरेश नाथनी मुदी (54 वर्ष) निवासी जिला रायगढ़, महाराष्ट्र बताया। तलाशी के दौरान उनके बैग और थैले से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 42/26 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब मामले में जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है।
