आज कोलकाता विमानतल पर नरसापुरम से सांसद एवं केंद्रीय भारी उद्योग तथा इस्पात राज्यमंत्री बी. श्रीनिवास वर्मा से छत्तीसगढ़ के खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने केंद्रीय राज्यमंत्री को छत्तीसगढ़ आगमन का औपचारिक निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। केंद्रीय मंत्री ने छत्तीसगढ़ के विकास और औद्योगिक संभावनाओं में गहरी रुचि व्यक्त करते हुए राज्य के साथ सहयोगात्मक पहल को आगे बढ़ाने की बात कही।
इस सौहार्दपूर्ण भेंट को केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय तथा विकासात्मक संवाद की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
