रायपुर / नई दिल्ली।
इंडिगो एयरलाइंस के प्रबंधन पर एक बार फिर लापरवाही और मनमानी के आरोप लगे हैं। रायपुर से जयपुर जाने वाले करीब 40 यात्री दिल्ली एयरपोर्ट पर फंस गए। यात्रियों का आरोप है कि इंडिगो ने उनकी कनेक्टिंग टिकट रद्द कर सीटें अन्य लोगों को बेच दीं।
जानकारी के मुताबिक सभी यात्रियों ने रायपुर से जयपुर तक की कनेक्टिंग फ्लाइट की टिकट दो से सात दिन पहले ही बुक कर ली थी। वे रायपुर से दिल्ली तक की उड़ान से पहुंचे, लेकिन यह फ्लाइट करीब दो घंटे की देरी से दिल्ली पहुंची।
यात्रियों का कहना है कि दिल्ली लैंडिंग के बाद उन्हें करीब 45 मिनट तक विमान में ही बैठाए रखा गया। जब उन्होंने विरोध और हंगामा किया, तब जाकर उन्हें विमान से उतरने की अनुमति दी गई।
इस बीच दिल्ली से जयपुर जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट रवाना हो चुकी थी। यात्रियों को बताया गया कि फ्लाइट पहले ही उड़ान भर चुकी है। आरोप है कि निर्धारित समय से पहले ही फ्लाइट को रवाना कर दिया गया और रायपुर से आने वाले यात्रियों की टिकटें रद्द कर सीटें अन्य यात्रियों को बेच दी गईं।
एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों ने इंडिगो प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई और उचित मुआवजा तथा वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की। उनका कहना है कि कनेक्टिंग फ्लाइट होने के बावजूद एयरलाइन ने समन्वय नहीं किया, जिससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
फिलहाल इस मामले में इंडिगो प्रबंधन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है। यात्रियों ने डीजीसीए से शिकायत करने की बात कही है।
