पूर्व गृहमंत्री के बेटे का हंगामा, शराब के नशे में कार से दुकान में टक्कर मारने और दुकानदार से मारपीट करने का आरोप


कोरबा। जिले में सत्ता के रसूख और कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के बेटे संदीप कंवर पर शराब के नशे में कार से दुकान में टक्कर मारने और दुकानदार से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पुलिस थाने में भी हंगामा हुआ और संदीप कंवर समर्थकों के साथ कार लेकर निकल गए।


जानकारी के मुताबिक घटना कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पुराने बस स्टैंड के पास की है। बताया जा रहा है कि संदीप कंवर शराब के नशे में स्विफ्ट डिजायर कार चला रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सड़क किनारे स्थित सेवई की दुकान से जा टकराई। हादसे में दुकान को नुकसान पहुंचा।


दुकान संचालक बुजुर्ग अजीम कुरैशी ने जब इसका विरोध किया और समझाने की कोशिश की तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि नशे में धुत संदीप कंवर ने बुजुर्ग के साथ मारपीट कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें कार सहित कोतवाली थाने ले आई।


बताया जा रहा है कि थाने पहुंचने के बाद भी संदीप कंवर का व्यवहार आक्रामक रहा। उन्होंने पुलिस के सामने ही गाली-गलौच शुरू कर दी। इसी दौरान उनके कुछ समर्थक भी थाने पहुंच गए और उन्हें कार में बैठाकर वहां से लेकर निकल गए। पुलिस मौके पर मूकदर्शक बनी रही।


घटना के बाद से कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यही घटना किसी आम व्यक्ति द्वारा की जाती तो उसके खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई होती।


बताया जा रहा है कि इससे पहले भी रायपुर और कोरबा में संदीप कंवर का नाम सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े विवादों में सामने आ चुका है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।

error: Content is protected !!