रायपुर
राजधानी रायपुर के Ramkrishna Care Hospital में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल परिसर में सीवर टैंक की सफाई करने उतरे तीन सफाईकर्मियों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक सीवर लाइन जाम होने के बाद सफाई के लिए तीनों कर्मचारियों को गटर में उतारा गया था। अंदर उतरते ही जहरीली गैस के कारण वे बेहोश हो गए और बाहर नहीं निकल सके। काफी देर बाद कर्मचारियों और पुलिस की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान रामलाल साहू, घनश्याम साहू और संतोष कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए और लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि सफाईकर्मियों को बिना सुरक्षा उपकरण के गटर में उतारा गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और अस्पताल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।
