ED की बड़ी कार्रवाई, अब तक 4336 करोड़ की संपत्ति अटैच — PMLA के तहत रायपुर जोनल ऑफिस ने की कार्रवाई
रायपुर।
ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े बहुचर्चित महादेव सट्टा एप घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी Saurabh Chandrakar की करीब 1700 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच कर दी है। कार्रवाई Enforcement Directorate के Raipur Zonal Office ने Prevention of Money Laundering Act के तहत 24 मार्च को की।
जांच एजेंसी के अनुसार अटैच की गई 20 अचल संपत्तियों में से 18 दुबई में और 2 नई दिल्ली में स्थित हैं। इन संपत्तियों की कुल अनुमानित बाजार कीमत करीब 1700 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
ED के मुताबिक इन संपत्तियों को महादेव सट्टा एप के जरिए अवैध तरीके से कमाए गए पैसों से खरीदा गया था।
दुबई के प्राइम लोकेशन पर आलीशान प्रॉपर्टी
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने दुबई के कई प्रीमियम इलाकों में लग्जरी विला और अपार्टमेंट खरीदे थे। इनमें शामिल हैं—
Dubai Hills Estate (Hills View, Fairway Residency, Sidra) में लग्जरी विला
Business Bay में हाई-एंड अपार्टमेंट
SLS Hotel & Residences में प्रीमियम फ्लैट
दुनिया की सबसे ऊंची इमारत Burj Khalifa में अपार्टमेंट
ED का कहना है कि ये सभी संपत्तियां अवैध सट्टेबाजी से अर्जित धन को छिपाने और निवेश करने के लिए खरीदी गई थीं।
अब तक 4336 करोड़ की संपत्ति जब्त
महादेव सट्टा एप मामले में ED पहले भी कई चरणों में कार्रवाई कर चुकी है। जांच एजेंसी के मुताबिक इस मामले में अब तक कुल 4336 करोड़ रुपए की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं, जिनमें देश और विदेश में स्थित प्रॉपर्टी शामिल हैं।
क्या है महादेव सट्टा एप मामला
महादेव सट्टा एप ऑनलाइन सट्टेबाजी का एक बड़ा नेटवर्क है, जिसके जरिए क्रिकेट समेत कई खेलों और इवेंट्स पर अवैध सट्टा चलाया जाता था। जांच में खुलासा हुआ कि इस नेटवर्क के जरिए हजारों करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ और इसकी जड़ें विदेश तक फैली हुई हैं।
जांच एजेंसियों के मुताबिक मामले में अभी भी कई आरोपियों और निवेश की परतों की जांच जारी है, जिससे आने वाले समय में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
