मुबंई / सेंसर बोर्ड से मतभेद के बाद विवादों में घिरी अनुराग कश्यप की फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ को बॉम्बे हाईकोर्ट ने रिलीज की मंजूरी दे दी है। हाईकोर्ट ने सेंसर बोर्ड के ज्यादातर कट्स को ख़ारिज करते हुए 2 दिन में फिल्म को नया सर्टिफिकेट ज़ारी करने के आदेश दिए हैं। वहीं कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की सेंसर बोर्ड की मांग खारिज कर दी है।
अभिषेक चौबे के निर्देशन में बनी यह फिल्म आने वाली 17 जून को रिलीज होगी। हाईकाेर्ट ने सिर्फ एक कट के बाद फिल्म को प्रदर्शित करने के आदेश दिए है।
इस फिल्म के निर्माता ने सेंसर बोर्ड के उस फैसले को कोर्ट में चुनौती दी थी जिसमें उन्हें फिल्म में से कुछ बदलाव करने के सुझाव दिए थे।
इससे पहले न्यायमूर्ति एस. सी. धर्माधिकारी की अध्यक्षता वाली पीठ ने सेंसर बोर्ड से पूछा कि बोर्ड उड़ता पंजाब फिल्म के शीर्षक से पंजाब शब्द हटाने पर क्यों जोर दे रहा है। सेंसर बोर्ड ने कहा है कि उसकी समीक्षा समिति द्वारा फिल्म में 13 परिवर्तन करने के लिए दिए गए सुझाव उचित और सही हैं।
उधर, सरकार जल्द ही फिल्म प्रमाणन में बड़े बदलाव की घोषणा करेगी। एक कार्यक्रम में फिल्म उड़ता पंजाब के बारे में सेंसर बोर्ड की आपत्तियों से उत्पन्न विवाद पर प्रश्नों का उत्तर देते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री अरुण जेटली ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फिल्म प्रमाणन मानकों को उदार बनाने की आवश्यकता है।
जेटली ने न्यायपालिका और कार्यपालिका के बीच का अंतर बताते हुए कहा कि कार्यपालिका का कार्य न्यायपालिका नहीं कर सकती और दोनों की स्वतंत्रता बनी रहनी चाहिए। जेटली ने कहा कि अगर कार्यपालिका अपना कार्य करने में असफल रहती है तो न्यायपालिका निर्देश दे सकती है, लेकिन वह इसके कार्य नहीं कर सकती।
