सुकमा,
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। सर्चिंग पर निकले सीआरपीएफ और डीआरजी के संयुक्त बलों ने नीलामगुड़ू के जंगलों से दो इनामी नक्सलियों समेत कुल छह नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। सुकमा एसपी किरण चौहान ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए नक्सलियों में कुंजाम मुका पर 2 लाख रुपए और मांडवी मुइया पर 1 लाख रुपए का इनाम घोषित था। ये दोनों लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय थे और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने, विस्फोटक लगाने और ग्रामीणों को डराने-धमकाने जैसी वारदातों में शामिल थे।
गिरफ्तारी भेजी थाना क्षेत्र के नीलामगुड़ू जंगलों से हुई, जहाँ सुरक्षा बलों की टीम सर्चिंग अभियान पर निकली थी। जवानों की मुस्तैदी और सूझबूझ से बिना किसी मुठभेड़ के छह नक्सलियों को दबोच लिया गया।
इस कार्रवाई को नक्सल प्रभावित इलाकों में कानून-व्यवस्था की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। एसपी किरण चौहान ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ की जा रही है और उनसे संगठन से जुड़ी अहम जानकारियाँ मिलने की उम्मीद है।
सुकमा जैसे अत्यंत संवेदनशील जिले में इस तरह की निरंतर कार्रवाई से सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ा है और नक्सलियों के नेटवर्क को लगातार झटका लग रहा है।
