Advertisement Carousel

मुंगेली में एसीबी का शिकंजा, सुरही रेंज के रेंजर-डिप्टी रेंजर ट्रैप में गिरफ्तार

मुंगेली।
एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने मुंगेली जिले में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज के रेंजर और डिप्टी रेंजर को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से वन विभाग में हड़कंप मच गया।


मिली जानकारी के अनुसार लोरमी निवासी अजीत कुमार वैष्णव ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि दिसंबर 2025 में वह अपने साथियों के साथ सुरही रेंज में चारपहिया वाहन से घूमने गया था। इस दौरान वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए उसका वाहन जब्त कर लिया था और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जमानत पर जेल से छूटने के बाद जब वह प्रकरण में जल्द चालान पेश कराने और जब्त वाहन छोड़ने के लिए डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव से मिला तो उससे 70 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई।


शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। योजना के तहत प्रार्थी को कोटा स्थित मित्र मिलन रेस्टोरेंट में रिश्वत की पहली किश्त 50 हजार रुपये देने भेजा गया। जैसे ही प्रार्थी ने डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव को राशि दी, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके पर रेंजर पल्लव नायक भी मौजूद थे, जिनके द्वारा भी रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि हुई।


एसीबी ने आरोपी मनीष श्रीवास्तव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 तथा पल्लव नायक के खिलाफ धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पिछले दो वर्षों में एसीबी बिलासपुर की यह 45वीं ट्रैप कार्रवाई है।

error: Content is protected !!