रायपुर।
छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रतनलाल डांगी को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उनके कथित आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया में वायरल होने और पहले से लंबित विभागीय जांच के चलते की गई है।
जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले एक एसआई की पत्नी ने आईपीएस अधिकारी डांगी पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। मामले की शिकायत सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर जांच शुरू की गई थी, जो अभी लंबित है।
इसी बीच सोशल मीडिया में डांगी से जुड़े कथित आपत्तिजनक फोटो वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, सरकार ने स्पष्ट किया है कि मामले की विभागीय जांच पूरी होने तक डांगी निलंबित रहेंगे। जांच में दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ आगे कड़ी कार्रवाई भी की जा सकती है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है और मामले को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चा जारी है।
