Advertisement Carousel

अतिवृष्टि पर सीएम साय सख्त, राहत-बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश


रायपुर, 18 जुलाई। बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर राहत सामग्री एवं आवश्यक सहायता पहुंचाई जाए।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा सहित सभी जरूरी राहत सामग्री तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जलनिकासी की व्यवस्था, क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत तथा बिजली, पेयजल और अन्य जनसुविधाओं को जल्द सामान्य करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा है।


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन एवं सहायता भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा और प्रत्येक परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है तथा जनजीवन को जल्द सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

error: Content is protected !!