Advertisement Carousel

जिला कांग्रेस कार्यालय में घमासान: प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कांग्रेसियों में मारपीट, जमकर तोड़फोड़

महासमुंद
भाजपा के खिलाफ ताल ठोकने के लिए जिला कांग्रेस कार्यालय में बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कांग्रेस नेता आपस में ही भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और कार्यालय में तोड़फोड़ भी की गई। हैरानी की बात यह रही कि घटना उस समय हुई जब कांग्रेस विधायक और जिला कांग्रेस के कई पदाधिकारी भी वहां मौजूद थे।


बताया जा रहा है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कम उपस्थिति को लेकर जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष विजय साव ने पूर्व जिला कोषाध्यक्ष निर्मल जैन से सवाल किया। इस पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई और मारपीट तक पहुंच गई।


मौके पर मौजूद पदाधिकारियों ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कराया, लेकिन इसके बाद एक पक्ष ने कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ कर दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करते हुए विजय साव को थाना ले गई।


मारपीट और हंगामे के बाद कांग्रेस कार्यालय का नजारा अस्त-व्यस्त नजर आया। जगह-जगह टूटी कुर्सियां बिखरी पड़ी थीं और फर्श पर कांच के टुकड़े फैले हुए थे।


पूर्व कोषाध्यक्ष निर्मल जैन ने आरोप लगाया कि प्रेस वार्ता के बाद वे जिला अध्यक्ष के चेंबर में बैठे थे, तभी विजय साव ने कांग्रेस और उनके बारे में आपत्तिजनक बातें कहीं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो विजय साव आक्रोशित हो गए और मारपीट व तोड़फोड़ की। जैन ने इस मामले की शिकायत थाने में करने की बात कही है।


वहीं विजय साव का कहना है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेसियों की कम उपस्थिति को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट की स्थिति बनी, लेकिन उनके द्वारा किसी तरह की तोड़फोड़ नहीं की गई।


इस पूरे मामले पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह घटना पार्टी अनुशासन के खिलाफ है। इसकी जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को दी जाएगी और पार्टी के नियमानुसार दोषी पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


गौरतलब है कि जिला कांग्रेस कार्यालय में हुई यह घटना अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।

error: Content is protected !!