महासमुंद (छत्तीसगढ़)।
एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोडा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये कीमत के 1432 किलो अफीम पोस्त डोडा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी झारखंड से पिकअप वाहन में अफीम पोस्त डोडा लेकर रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस द्वारा रेहटीखोल के पास वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से भारी मात्रा में अफीम पोस्त डोडा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जो हरियाणा के निवासी बताए जा रहे हैं।
सिंघोडा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 (ख) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
