रायपुर, 5 अप्रैल।
रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल अग्रसेन धाम में अग्रवाल सभा रायपुर द्वारा आयोजित “अग्र मंथन 2026” कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्होंने समाज सेवा, शिक्षा और संस्कारों को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि गरीब का इलाज, गरीब बेटियों की शादी और बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करना ही सच्ची समाज सेवा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्शों पर चलने वाला अग्र समाज हमेशा राष्ट्र निर्माण में अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि समाज स्वार्थ से ऊपर उठकर राष्ट्रहित और समाजहित में कार्य करे।
अग्रवाल ने कहा कि मजबूत और संस्कारित परिवार ही सशक्त समाज की नींव होते हैं। बच्चों में संस्कार और गौरव की भावना विकसित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा, “मंदिर से भी बड़ा शिक्षा का मंदिर होता है, जहां बच्चों का भविष्य निर्माण होता है”, इसलिए समाज को शिक्षा के क्षेत्र में विशेष ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने सुझाव दिया कि देशभर में बने अग्रसेन भवनों को स्किल डेवलपमेंट सेंटर के रूप में विकसित किया जाए, जहां महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई तथा युवाओं को कंप्यूटर जैसे आधुनिक प्रशिक्षण दिए जा सकें। इससे समाज के युवाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया तथा “अग्र धरोहर” पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में CSIDC चेयरमैन राजीव अग्रवाल, पूर्व विधायक राजकमल सिंघानिया, अग्रवाल सभा रायपुर अध्यक्ष विजय अग्रवाल, महासचिव मनमोहन अग्रवाल, उपाध्यक्ष मनीष अग्रवाल, संगठन मंत्री योगी अग्रवाल, चतुर्भुज अग्रवाल, हनुमान प्रसाद अग्रवाल, किशन अग्रवाल, सतपाल जैन सहित समाज के अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
