रायपुर, 4 अप्रैल। राजधानी रायपुर के व्यस्ततम शारदा चौक से तात्यापारा चौक मार्ग पर प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। रायपुर सांसद Brijmohan Agrawal ने इस परियोजना पर पुनर्विचार की मांग करते हुए मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai को पत्र लिखकर फ्लाईओवर के स्थान पर सड़क चौड़ीकरण कराने का आग्रह किया है।
सांसद अग्रवाल ने अपने पत्र में कहा है कि शहर के मध्य स्थित यह मार्ग जी.ई. रोड का अत्यंत महत्वपूर्ण और व्यस्त हिस्सा है, जहां घनी आबादी, बाजार और व्यावसायिक गतिविधियों के कारण हमेशा भारी यातायात दबाव बना रहता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में मुख्यमंत्री स्वयं इस मार्ग के चौड़ीकरण के पक्ष में निर्णय ले चुके हैं, लेकिन हाल ही में बजट में फ्लाईओवर निर्माण की घोषणा से आम नागरिकों और व्यापारियों में असंतोष की स्थिति बन गई है।
सांसद ने तर्क देते हुए बताया कि करीब 600 से 700 मीटर का यह हिस्सा ही जी.ई. रोड का ऐसा भाग है, जो अब तक चौड़ीकरण से वंचित है और वर्तमान में “बॉटलनेक” बनकर पूरे शहर के ट्रैफिक को प्रभावित कर रहा है। उनका कहना है कि संकीर्ण और घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में फ्लाईओवर निर्माण न केवल तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण होगा, बल्कि इससे आसपास के व्यापारिक प्रतिष्ठानों और स्थानीय संरचनाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
श्री अग्रवाल ने यह भी कहा कि शारदा चौक से तात्यापारा चौक तक सड़क चौड़ीकरण की मांग वर्षों से उठती रही है और इसे वर्ष 2025 के नगरीय निकाय चुनाव के “अटल विश्वास पत्र” में भी शामिल किया गया था। इसके बावजूद अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी है।
सांसद ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि राजधानीवासियों की सुविधा और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर निर्माण के निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए और सड़क चौड़ीकरण के कार्य को प्राथमिकता दी जाए, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और लोगों को राहत मिल सके।
