रायपुर। रायपुर नगर निगम की प्रस्तावित विशेष सामान्य सभा को लेकर सियासत तेज हो गई है। शहर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर ने इस बैठक की वैधता पर सवाल उठाते हुए इसे असंवैधानिक करार दिया है।
ढेबर ने कहा कि नगर निगम में विशेष सामान्य सभा केवल आपात परिस्थितियों में बुलाई जाती है। आमतौर पर ऐसी बैठक तब आयोजित की जाती है जब शहर में किसी प्रकार की आपदा, जल संकट, स्वच्छता से जुड़ा गंभीर मुद्दा या जनहित से जुड़ी कोई तत्काल स्थिति उत्पन्न हो। लेकिन वर्तमान में ऐसी कोई स्थिति नहीं है, फिर भी विशेष सामान्य सभा बुलाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने संबंधित मंत्री, अधिकारियों और महापौर से सवाल करते हुए पूछा कि क्या यह विशेष सामान्य सभा नियमों के तहत बुलाई गई है। ढेबर ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी निगम में विशेष सामान्य सभा बुलाकर वन नेशन वन इलेक्शन जैसे राष्ट्रीय राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा कराई गई थी, जो नगर निगम के अधिकार क्षेत्र से बाहर है।
पूर्व महापौर का कहना है कि नगर निगम की बैठकें शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए होती हैं। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर के राजनीतिक मुद्दों को लेकर विशेष सामान्य सभा बुलाना उचित नहीं है। उन्होंने निगम प्रशासन से इस संबंध में स्पष्ट जवाब देने की मांग की है।
